Saturday, May 30, 2026
HomeNewsबागवाला में तैयार 1872 प्रधानमंत्री आवास जल्द होंगे आवंटित- डॉ. आर. राजेश...

बागवाला में तैयार 1872 प्रधानमंत्री आवास जल्द होंगे आवंटित- डॉ. आर. राजेश कुमार

रुद्रपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तराखंड में आवासीय और शहरी विकास परियोजनाओं को तेज गति दी जा रही है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचकर विकास प्राधिकरण की प्रमुख निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत बागवाला क्षेत्र से हुई, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से 1872 आवास इकाइयों का निर्माण किया गया है। सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इन आवासों का विस्तृत जायजा लिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन आवासों का शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जाएंगी।

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना निर्धारित अंशदान जमा नहीं किया है, उनसे तुरंत धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि आवंटन प्रक्रिया को और तेज किया जा सके।

उपाध्यक्ष, विकास प्राधिकरण ने सचिव को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केंद्र सरकार प्रति आवास 3 लाख रुपये की सहायता प्रदान करती है, जबकि लाभार्थी को भी 3 लाख रुपये जमा करने होते हैं। अब तक 185 लाभार्थी पूरी राशि जमा कर चुके हैं, जबकि 222 लाभार्थियों को पत्र और फोन के माध्यम से भुगतान के लिए सूचित किया गया है।

बागवाला आवास परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और लैंडस्केपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। परिसर में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

ट्रांसपोर्ट नगर और कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर परियोजनाओं का निरीक्षण

इसके बाद सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने त्रिशूल चौक के समीप स्थित लोक निर्माण विभाग की 6.5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया, जहां ‘कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर’ नाम से बहुमंजिला आधुनिक आवासीय व व्यावसायिक परियोजना विकसित की जानी है। अधिकारियों ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रारंभिक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) शासन को भेज दी गई है।

सचिव ने इस परियोजना को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। यहां आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ऑफिस स्पेस और आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है, जो स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।

उन्होंने रामपुर रोड स्थित प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना 48 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। इसकी अनुमानित लागत संबंधी प्रारंभिक DPR 72 करोड़ रुपये की है, जो शासन को भेजी जा चुकी है।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा, “ट्रांसपोर्ट नगर के बनने से परिवहन व्यवसाय से जुड़े ट्रक ऑपरेटर, ट्रांसपोर्ट एजेंट और संबंधित व्यवसायियों को एक ही स्थान पर पार्किंग, गोदाम, ऑफिस, मरम्मत शॉप और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”

निरीक्षण के दौरान सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने इस सड़क को यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आम नागरिकों, खासकर कमजोर वर्गों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बागवाला में बने 1872 प्रधानमंत्री आवास लगभग तैयार हैं। हमारी प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थी जल्द से जल्द इन आवासों का लाभ प्राप्त करें।”

उन्होंने आगे कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, ट्रांसपोर्ट नगर और कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर जैसी परियोजनाएं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही हैं, जो रुद्रपुर समेत पूरे उधम सिंह नगर जिले के शहरी विकास को नई दिशा देंगी।

RELATED ARTICLES