देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि कई थानों के चक्कर काटने के बावजूद पुलिस ने अब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। माता-पिता ने चेतावनी दी है कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होता, उनका धरना जारी रहेगा।
दरअसल, कुछ दिन पहले विनोद आर्य और उनके साथ एक अधिवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। इस दौरान अंकिता और उसके कथित मित्र को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद विवाद खड़ा हो गया। अंकिता के परिवार ने इसे अपनी दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान पर हमला बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
अंकिता की माता ने मोबाइल फोन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी का मोबाइल विनोद आर्य के पास हो सकता है। उनका कहना है कि एक ओर मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर कथित चैट सार्वजनिक की जा रही हैं। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि अंकिता का मोबाइल आखिर कहां है और उसकी चैट किस माध्यम से सार्वजनिक हुईं।
अंकिता के पिता वीरेन्द्र भंडारी ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य और उनके सहयोगी उनकी बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट सामने नहीं लाई जा रही हैं, जबकि उनमें अंकिता ने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी थी। उन्होंने विनोद आर्य और अनुज मंडल की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि बेटी को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस ने दिया धरने को समर्थन
अंकिता के माता-पिता के धरने को कांग्रेस नेताओं ने भी समर्थन दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कथित चैट सार्वजनिक करने और अंकिता के चरित्र को लेकर की गई टिप्पणियों को निंदनीय और संवेदनहीन बताया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत सहित अन्य नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता चल रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठे हैं। उनसे बातचीत में पता चला कि आरोपी पक्ष के रिश्तेदारों और सहयोगियों की ओर से की गई पत्रकार वार्ता में अंकिता के चरित्र पर सवाल उठाने की कोशिश की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान को इस तरह सार्वजनिक बहस का विषय बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी ने परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

