देहरादून। उत्तराखंड की नौकरशाही में अगले एक साल के भीतर बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। शासन और पुलिस मुख्यालय में सेवानिवृत्ति और पदोन्नति के इस दौर से प्रदेश के कई प्रमुख ‘पावर सेंटर’ बदल जाएंगे। मुख्य सचिव से लेकर सचिव, डीजी और डीआईजी स्तर तक के अनेक वरिष्ठ अधिकारी सेवा से विदा होंगे, वहीं कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होने वाली पदोन्नतियों के बाद राज्य में शासन और पुलिस की एक नई नेतृत्व टीम सामने आएगी।
आईएएस कैडर में सबसे बड़ा बदलाव मुख्य सचिव पद पर देखने को मिलेगा। मौजूदा मुख्य सचिव आनंद वर्धन जून 2027 में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके अलावा सचिव स्तर पर उमेश नारायण पांडेय फरवरी 2027 में, जबकि विनय शंकर पांडेय और सुरेश नारायण पांडेय जून 2027 में सेवा से विदा होंगे। इन रिक्तियों की भरपाई के लिए 1 जनवरी 2027 से प्रदेश में कई अधिकारियों की पदोन्नति की जाएगी। 1997 बैच के अधिकारी, जिन्होंने 30 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें अपर मुख्य सचिव (एसीएस) रैंक पर पदोन्नत किया जाएगा। इस सूची में रमेश कुमार सुधांशु और एल. फेनयी का नाम शामिल है। वहीं 2002 बैच के अधिकारी, जिनकी सेवा 25 वर्ष पूरी हो चुकी है, प्रमुख सचिव रैंक पर पदोन्नत होंगे। इनमें नितेश झा, राधिका झा (प्रोफार्मा पदोन्नति), शैलेश बगौली और सेंथिल पांडियन (प्रोफार्मा पदोन्नति) का नाम है। इसके अतिरिक्त 2011 बैच के अधिकारी सचिव स्तर पर पदोन्नत होंगे, जिनमें नितिन भदौरिया, ललित मोहन रयाल, हाल ही में निलंबन से बहाल हुए कर्मेंद्र सिंह और आशीष कुमार श्रीवास्तव (प्रोफार्मा पदोन्नति) शामिल हैं। इनमें से दो अधिकारी फिलहाल विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी (डीएम) के पद पर तैनात हैं।
पुलिस महकमे में भी बड़ा बदलाव तय है। डीजी पी. वी. के. प्रसाद अगले नौ माह के भीतर सेवानिवृत्त होंगे। इसके अलावा एसपी हरीश वर्मा जुलाई 2027 में, डीआईजी मुकेश कुमार अक्टूबर 2027 में और आईजी योगेंद्र सिंह रावत नवंबर 2027 में सेवानिवृत्त होंगे। इन पदों को भरने के लिए 1 जनवरी 2027 से आईपीएस कैडर में भी पदोन्नतियां होंगी। 1997 बैच के अधिकारी, जिन्होंने 30 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें डीजी रैंक पर पदोन्नत किया जाएगा। इस सूची में अमित सिन्हा, वी. मुरुगेशन और संजय गुंजियाल (प्रोफार्मा पदोन्नति) का नाम है। हालांकि इन अधिकारियों की पदोन्नति के लिए शासन को अतिरिक्त एक्स कैडर पद सृजित करने होंगे। वहीं 2013 बैच के अधिकारी तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु को डीआईजी रैंक की कमान सौंपी जाएगी। इसके अलावा 2014 बैच के अधिकारियों को भी सीनियर स्केल में पदोन्नति मिलेगी, जिनमें मंजूनाथ टी. सी., अजय सिंह और पंकज भट्ट शामिल हैं। पदोन्नति के बाद पंकज भट्ट अशोक स्तंभ के साथ दो सितारे धारण करेंगे।
कुल मिलाकर, अगले एक वर्ष में उत्तराखंड की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में नेतृत्व का बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा, जिसका सीधा असर राज्य के शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर पड़ना तय माना जा रहा है।

