Saturday, February 7, 2026
HomeNewsदेहरादून में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ एमडीडीए की सख्त कार्रवाई

देहरादून में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ एमडीडीए की सख्त कार्रवाई

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर में अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। शनिवार को एमडीडीए ने ट्रांसपोर्टनगर के बाद एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान की कमान खुद एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने संभाली। उनकी अगुवाई में शिमला बाईपास, मेंहूवाला माफी, हरभजवाला, बुद्धपुर, नयागांव और विकासनगर क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई, जिसमें कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

26 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 6 निर्माण सील अभियान के दौरान एमडीडीए ने 26 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया, जबकि छह स्थानों पर अवैध व्यवसायिक और आवासीय निर्माणों को सील कर दिया गया।

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में एमडीडीए टीम ने मेंहूवाला माफी स्थित श्री राम एन्क्लेव में कुनाल राठौर और अन्य लोगों द्वारा 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त किया। इसके बाद शिमला बाईपास रोड पर बालाजी एन्क्लेव में महेश उपाध्याय, सतीश और अन्य द्वारा 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी तोड़ा गया। हरभजवाला में सरस्वती एन्क्लेव में जेपी यादव और अन्य द्वारा छह बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

 MDDA उपाध्यक्ष तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उस नीति के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास को बढ़ावा देना और अवैध निर्माणों पर सख्त नियंत्रण करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना स्वीकृति भूमि काटने या निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एमडीडीए के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर यह अभियान और तेज किया गया है। तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण अवैध निर्माण और प्लाटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। देहरादून को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

RELATED ARTICLES