उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने चुनावी रणनीति तेज कर दी है। हरिद्वार में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति पर जोर दिया गया। बैठक से साफ संकेत मिला कि भाजपा अब चुनावी मोड में आ चुकी है और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में जुट गई है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं में जीत का भरोसा भरते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत सत्ता नहीं, बल्कि उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उत्तराखंड में लगातार दो बार सरकार बनना संगठन की मेहनत का परिणाम है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पार्टी तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा, ‘उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है।’ उन्होंने धामी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि हिमालय की तरह अडिग नेतृत्व और मां गंगा की धारा की तरह प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए नौ सूत्रों का संदेश देते हुए बूथ स्तर पर नियमित संवाद, जनता के बीच सक्रियता, सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उनका कहना था कि आपदा और संकट के समय भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले जनता की सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति होना चाहिए। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा नियंत्रण कानून और आधारभूत ढांचे के विस्तार जैसे फैसलों को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के कामकाज का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। निवेश के लिए मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने को धार्मिक पर्यटन और बेहतर व्यवस्थाओं का प्रमाण बताया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बूथ को चुनावी जीत की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी दिनों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की घोषणा की। इसके साथ ही पंजाबी, सिख, ओबीसी, एसटी, महिला और युवा वर्ग के सम्मेलन आयोजित कर विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति भी सामने रखी। भट्ट ने दावा किया कि धामी सरकार ने 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
बैठक में सांसद नरेश बंसल ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से बना है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के राज्य गठन में योगदान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्यों का उल्लेख किया। उनके अनुसार प्रदेश में ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय योजनाएं संचालित हैं। जमरानी, लखवाड़ और किसाऊ बांध जैसी लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाना भी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यसमिति ने 2027 में जीत की हैट्रिक लगाने और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प दोहराया। हालांकि, 60 से अधिक सीटों का लक्ष्य हासिल करना पार्टी के लिए बड़ी चुनावी चुनौती होगी। सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच स्वीकार्यता दिलाने, संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति ही भाजपा के मिशन-60 की असली परीक्षा होगी।

