उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। रविवार को देहरादून में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रदेशभर में राजनीतिक अभियानों को प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि समय-समय पर इस तरह की बैठकें होती रहती हैं। पार्टी के नेता आपस में बैठकर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी नेता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। जिला और ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस सक्रिय है तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
सैलजा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरों को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की। इन दौरों के माध्यम से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा देने और राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
बैठक में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार, अनाचार, अत्याचार और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी। कांग्रेस नेताओं ने इन विषयों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाने और प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी सैलजा ने छह दिवसीय प्रदेश दौरे के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया है। बैठक में सरकार के कामकाज और आगामी राजनीतिक अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी ने अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
गोदियाल के अनुसार, इन निर्देशों के आधार पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पार्टी का प्रयास है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेशभर में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाए।

