देश में जनगणना 2027 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत नागरिक खुद ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकेंगे। उत्तराखंड में यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का काम करेंगे।
इस बार जनगणना में डिजिटल प्रक्रिया के साथ जातिगत आंकड़े जुटाने की भी तैयारी है। नागरिकों की सुविधा के लिए स्वगणना का विकल्प दिया गया है, ताकि परिवार अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकें। स्वगणना पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी मिलेगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को दिखाना होगा।
एक क्लिक में ऐसे करें स्वगणना
स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। इसकी प्रक्रिया इस प्रकार है:- पोर्टल खोलें: आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तराखंड का चयन करें।
- पंजीकरण करें: परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- ओटीपी सत्यापन: मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करें।
- पता दर्ज करें: जिला, गांव या शहर और आवास का विवरण भरें।
- प्रश्नावली भरें: परिवार के सदस्यों और अन्य मांगी गई जानकारियां दर्ज करें।
- जानकारी जांचें: भरे गए विवरण की जांच कर गलतियां सुधारें।
- अंतिम सबमिट: जानकारी जमा करने के बाद मिलने वाली यूनिक स्वगणना आईडी सुरक्षित रखें।
इन विषयों पर पूछे जाएंगे सवाल
जनगणना की प्रश्नावली में परिवार के सदस्यों से संबंधित व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक जानकारियां जुटाई जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:- व्यक्तिगत जानकारी: नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि और वैवाहिक स्थिति।
- सामाजिक जानकारी: धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति और जाति संबंधी विवरण।
- पारिवारिक जानकारी: माता-पिता का नाम, जन्म स्थान और बच्चों की संख्या।
- शिक्षा: मातृभाषा, शैक्षणिक योग्यता और डिजिटल साक्षरता।
- रोजगार: काम की स्थिति, व्यवसाय, आर्थिक गतिविधि और कार्यस्थल।
- प्रवास: जन्म स्थान, पिछला निवास, प्रवास का कारण और वर्तमान निवास की अवधि।
- अन्य विवरण: दिव्यांगता और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारियां।

