देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी हलचल तेज होने लगी है। दोनों दल संगठन को मजबूत करने और दूसरे दलों के नेताओं को अपने पाले में लाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा ने कांग्रेस को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में बड़ा झटका दिया है। सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस से जुड़े पदाधिकारियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं समेत 38 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान चौबट्टाखाल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने छोड़ी कांग्रेस
भाजपा में शामिल होने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य रितिक नेगी और कुलदीप सजवाण प्रमुख रूप से शामिल रहे। रितिक नेगी युवा कांग्रेस बीरोंखाल के महामंत्री हैं, जबकि कुलदीप सजवाण युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इनके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस सचिव शुभम रावत, कांग्रेस बूथ अध्यक्ष प्रदीप कुमार तथा युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार और यतीष कुमार ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
इनके साथ द्वारीखाल, सतपुली, बीरोंखाल, एकेश्वर और पोखड़ा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी भाजपा का दामन थामा। भाजपा इसे चौबट्टाखाल क्षेत्र में संगठनात्मक विस्तार और कांग्रेस के लिए राजनीतिक झटके के तौर पर पेश कर रही है।
हर विधानसभा तक पहुंचेगा जॉइनिंग अभियान
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। चौबट्टाखाल में कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और छात्रसंघ पदाधिकारियों का भाजपा में शामिल होना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है।
उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। भाजपा का जॉइनिंग अभियान केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
सतपाल महाराज ने गिनाए क्षेत्र के विकास कार्य
कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने भाजपा में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि 38 से अधिक प्रमुख लोगों के पार्टी से जुड़ने से क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सदस्य क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और आने वाले समय में भी विकास की रफ्तार जारी रहेगी। सतपुली झील के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने सीसी झील के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने की बात कही।
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में रेलवे कनेक्टिविटी, सड़क और पेयजल योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पहाड़ों में आवागमन की तस्वीर बदलने जा रही है। देवप्रयाग तक रेल पहुंचने और आगे कर्णप्रयाग तक इसके विस्तार से स्थानीय लोगों के साथ ही तीर्थयात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
चुनाव से पहले दल-बदल ने बढ़ाई सियासी हलचल
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक दलों के बीच संगठन विस्तार की कवायद तेज हो गई है। भाजपा चौबट्टाखाल में कांग्रेस से जुड़े लोगों को अपने साथ जोड़कर क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। वहीं, कांग्रेस के सामने अपने संगठन और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की चुनौती है। चुनाव से पहले इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां आने वाले दिनों में प्रदेश का सियासी तापमान और बढ़ा सकती हैं।

