Thursday, November 26, 2026
HomeNewsपवाणी के हर परिवार को 5 लाख की मदद

पवाणी के हर परिवार को 5 लाख की मदद

सीएम धामी ने अग्निकांड प्रभावितों से की मुलाकात, घर बनाने के लिए सहायता और मकान बनने तक किराया देने का ऐलान

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से उजड़े परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांव पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों का दुख-दर्द सुना और उनके पुनर्वास के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को मकान बनाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही नए मकान बनने तक प्रभावित परिवारों को किराया देने की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव को दोबारा आबाद करना है।
cm dhami pawani village
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव में आग से लोगों का भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने अपने आशियाने ही नहीं, बल्कि मवेशियों और जीवनभर की कमाई को भी खो दिया है। सर्दियों में क्षेत्र में छह महीने तक बर्फबारी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए आने वाले दिन और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। आग में सर्दियों के लिए जमा किया गया छह महीने का राशन भी जल गया है। सरकार का प्रयास है कि बर्फबारी शुरू होने से पहले प्रभावित परिवारों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी जाएं।

स्कूल, राशन और पुनर्वास पहली प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को भोजन, रहने और दैनिक जरूरतों की सामग्री उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूल की व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रभावित परिवारों के लिए राशन की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
cm dhami pawani village 3
गांव में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने अपनी जरूरतों और समस्याओं को भी सामने रखा। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को आसान बनाने के लिए गांव में हेलीपैड बनाने, पानी के टैंकर की व्यवस्था करने और मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए नया मोबाइल टावर लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने विधायक दुर्गेश्वर लाल के माध्यम से भी कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। गांव को फिर से आबाद करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। राहत और पुनर्वास के काम में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

43 परिवारों पर टूटा अग्निकांड का कहर

पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में कुल 43 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग ने कई आवासीय भवनों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। ग्रामीणों के घरों के साथ घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज, खाद्यान्न और पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है। कई परिवारों के सामने रहने के साथ ही आजीविका और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।
cm dhami pawani village 2
आग में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन से संबंधित अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। इससे प्रभावित परिवारों के सामने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी कामकाज निपटाने की नई समस्या पैदा हो गई है।

एक दिसंबर से गांव में लगेंगे विशेष शिविर

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। ग्रामीणों ने उन्हें दस्तावेज जलने से पैदा हुई परेशानियों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में ग्रामीणों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी अभिलेख दोबारा तैयार कराने में मदद की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों को दस्तावेज बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को गांव में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने और अन्य मूलभूत सुविधाएं बहाल करने के निर्देश भी दिए। पशुपालन विभाग को प्रभावित परिवारों के दुधारू पशुओं समेत अन्य पशुधन के नुकसान का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है, ताकि नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
cm dhami pawani village 4 1

राहत शिविर और सामुदायिक रसोई संचालित

प्रभावित गांव में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं। सभी संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव में मौजूद रहकर ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावितों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। रेडक्रॉस के माध्यम से भी राहत कार्यों में सहयोग लिया जा रहा है। गैस सिलिंडर की उपलब्धता और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
cm dhami mori
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा

अग्निकांड के बाद गांव में रात के समय अंधेरा रहने से ग्रामीणों और राहत कार्यों में जुटी टीमों को परेशानी हो रही थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग ने गांव के प्रमुख रास्तों, सार्वजनिक स्थलों और प्रभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया है। इससे ग्रामीणों को रात में आवागमन में राहत मिलेगी। प्रशासन की ओर से अन्य जरूरी सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।

विधायक ने भी उठाया मुआवजे और पुनर्वास का मुद्दा

mla purola
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि अग्निकांड और ग्रामीणों की स्थिति को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावित परिवारों को राहत राशि, उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से रखा गया। विधायक ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उनका प्रयास रहेगा कि अग्निकांड से हुए नुकसान की भरपाई के साथ ग्रामीणों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद मिले।
RELATED ARTICLES