Monday, February 24, 2025
HomeNewsगणतंत्र दिवस परेड-2025 में उत्तराखंड की "साहसिक खेल" पर आधारित झांकी का...

गणतंत्र दिवस परेड-2025 में उत्तराखंड की “साहसिक खेल” पर आधारित झांकी का चयन

NTI: गणतंत्र दिवस परेड-2025 में उत्तराखंड की “साहसिक खेल” पर आधारित झांकी का चयन हुआ है। महानिदेशक सूचना, बंशीधर तिवारी ने बताया कि अक्टूबर 2024 में रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति को 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपने प्रस्ताव भेजे थे। संयुक्त निदेशक सूचना, के.एस. चौहान ने उत्तराखंड की झांकी के डिज़ाइन, मॉडल और संगीत का प्रस्तुतीकरण किया, जिसे 21 दिसंबर 2024 को उत्कृष्ट पाते हुए अंतिम रूप से चुना गया।

इस वर्ष कुल 15 प्रदेशों की झांकियों का चयन हुआ है, जिनमें आंध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, दादर नागर हवेली एवं दमन और दीव शामिल हैं।

उत्तराखंड की झांकी के अग्रभाग में प्रसिद्ध ऐपण कला बनाती हुई पारंपरिक परिधान में महिला को दर्शाया गया है। मध्य और पिछले भाग में रॉक क्लाइम्बिंग, पैराग्लाइडिंग, बंजी जंपिंग, हिल साइक्लिंग, ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, औली में स्कीइंग और ऋषिकेश में ज़िप-लाइनिंग जैसी साहसिक खेल गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के एडवेंचर स्पोर्ट्स को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

गौरतलब है कि वर्ष 2003 से 2023 तक उत्तराखंड राज्य द्वारा निम्नलिखित झांकियों का प्रदर्शन कर्तव्य पथ पर किया गया है:

  1. वर्ष 2003 – फुलदेई
  2. वर्ष 2005 – नंदा राजजात
  3. वर्ष 2006 – फूलों की घाटी
  4. वर्ष 2007 – कार्बेट नेशनल पार्क
  5. वर्ष 2009 – साहसिक पर्यटन
  6. वर्ष 2010 – कुम्भ मेला हरिद्वार
  7. वर्ष 2014 – जड़ी बूटी
  8. वर्ष 2015 – केदारनाथ
  9. वर्ष 2016 – रम्माण
  10. वर्ष 2018 – ग्रामीण पर्यटन
  11. वर्ष 2019 – अनाशक्ति आश्रम (कौसानी प्रवास एवं अनाशक्ति)
  12. वर्ष 2021 – केदारखंड (तृतीय स्थान प्राप्त)
  13. वर्ष 2022 – प्रगति की ओर बढ़ता उत्तराखंड
  14. वर्ष 2023 – मानसखंड (प्रथम स्थान प्राप्त)

इसके अतिरिक्त, 2024 में भारत पर्व के लिए विकसित उत्तराखंड झांकी का प्रदर्शन लाल किले पर किया गया था।

मुख्यमंत्री ने झांकी के निर्माण में जुड़े सभी कलाकारों और अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में और मजबूती मिलेगी।

RELATED ARTICLES