Sunday, February 8, 2026
HomeNewsकुमाऊँ और गढ़वाल मंडल में एक-एक ‘स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’

कुमाऊँ और गढ़वाल मंडल में एक-एक ‘स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला ऐतिहासिक फैसला लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए कि कुमाऊँ और गढ़वाल मंडल में एक-एक ‘स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’ (SEZ) स्थापित करने के लिए विस्तृत रोडमैप इसी सप्ताह तैयार किया जाए और चालू वित्तीय वर्ष में ही धरातल पर काम शुरू हो जाए

मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड को हम विश्व पटल पर आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बनाने जा रहे हैं। स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन इस दिशा में क्रांतिकारी कदम साबित होगा। चारधाम, हेमकुंड साहिब, योग-ध्यान की विश्व राजधानी ऋषिकेश और कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग जैसे अनमोल धरोहरों के साथ हम स्थानीय युवाओं के लिए लाखों रोजगार और स्वरोजगार के द्वार खोलेंगे।”

स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन में होगा ये सब कुछ

  • तीर्थ स्थलों का विश्वस्तरीय समग्र विकास
  • योग, ध्यान, आयुर्वेद और नेचुरोपैथी सेंटर की श्रृंखला
  • स्थानीय हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक पर्वतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार
  • सांस्कृतिक उत्सवों का साल भर आयोजन
  • इको-टूरिज्म और हेरिटेज होम-स्टे की बंपर संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन ज़ोनों से न सिर्फ पर्यटन कई गुना बढ़ेगा, बल्कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान मिलेगी और राज्य को ‘देवभूमि’ से ‘आध्यात्मिक राजधानी’ की पहचान मिलेगी।

शीतकालीन पर्यटन को भी मिलेगा बूस्ट

बैठक में सीएम धामी ने शीतकालीन चारधाम यात्रा और औली, चोपता, मुनस्यारी, दयारा बुग्याल जैसे स्थलों को विश्व स्तर का विंटर डेस्टिनेशन बनाने के निर्देश दिए।

  • स्नो रोड कनेक्टिविटी, हेली सर्विसेज और लग्जरी रिसॉर्ट्स का तेजी से विस्तार
  • आवास, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत करना
  • देश-दुनिया में उत्तराखंड के विंटर वंडर्स का भव्य प्रचार-प्रसार

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “हमारा संकल्प है – प्रकृति का संरक्षण, संस्कृति का उत्थान, युवाओं का रोजगार और उत्तराखंड का सर्वांगीण विकास। हर योजना को समयबद्ध पूरा करना और हर चरण की सतत मॉनिटरिंग होगी।”

RELATED ARTICLES