उत्तरकाशी (उत्तराखंड): मोरी तहसील के सुदूरवर्ती गांवों में अग्निकांड की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. पवाणी गांव में मंगलवार को आग लगने से 33 घर जलकर खाक हो गए. हर साल आग की घटनाओं में ग्रामीणों के आशियाने राख हो रहे हैं. इसके बाद परिवारों को खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है. पिछले 19 साल में यहां आग की चपेट में आकर सैकड़ों मकान जलकर खाक हो चुके हैं.
मोरी के पवाणी गांव में 33 भवन जलकर खाक
पवाणी गांव में हुए ताजा अग्निकांड ने एक बार फिर इस क्षेत्र में आग से सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां 33 आवासीय भवन जलकर राख हो गए. मकान जलने से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं. एक पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है. राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है.
19 साल में 450 मकान जला चुकी आग: मोरी तहसील में पिछले 19 वर्षों के दौरान 450 से अधिक मकान अग्निकांड की भेंट चढ़ चुके हैं. इन घटनाओं में 3 ग्रामीणों की जिंदा जलने से मौत हुई है, जबकि सैकड़ों मवेशी भी आग की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं. क्षेत्र में होने वाले इन अग्निकांडों की एक बड़ी वजह पारंपरिक लकड़ी के भवन माने जाते हैं. मोरी क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत गांवों में देवदार और कैल की लकड़ी से मकानों का निर्माण हुआ है. इन भवनों में लकड़ी की अधिकता के कारण आग लगने पर लपटें तेजी से फैलती हैं और देखते ही देखते पूरा मकान आग की चपेट में आ जाता है. कई बार एक मकान से दूसरे मकान तक आग पहुंचने से पूरा गांव इसकी चपेट में आ जाता है.
मोरी क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रही तरुण पर्यावरण विज्ञान संस्था के अध्यक्ष नागेंद्र दत्त का कहना है कि-
क्षेत्र के कई गांवों में 80 से 100 मकान तक हैं. पिछले 19 वर्षों में हुई अग्निकांड की घटनाओं का आंकड़ा बताता है कि पांच गांवों के लगभग सभी मकान आग की भेंट चढ़ चुके हैं. ऐसे हादसों से बचाव के लिए ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतनी होगी.
-नागेंद्र दत्त, अध्यक्ष, तरुण पर्यावरण विज्ञान संस्था-
वहीं, प्रशासन को भी इस मानवजनित आपदा की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और गांवों में आग से बचाव के इंतजाम मजबूत करने की जरूरत है.
साल-दर-साल आग में स्वाहा होते रहे गांव
मोरी तहसील में अग्निकांड का सिलसिला नया नहीं है. वर्ष 2006 में ढाटमीर गांव में 120 भवन जलकर राख हो गए थे. इस दौरान छह अन्न के कोठार और सात मवेशी भी आग की भेंट चढ़े थे. वर्ष 2007 में ओसला गांव में 53 भवन जलने के साथ 83 मवेशियों की मौत हुई थी. वर्ष 2008 में जखोल में 44, कोटगांव में आठ, नैटवाड़ में पांच, भीतरी में दो और मजोणी में दो भवन आग की चपेट में आए थे.
वर्ष 2009 में सिदरी गांव में 25 भवन जल गए थे. इस घटना में पिता-पुत्री की जिंदा जलने से मौत हुई थी और नौ पशु भी मारे गए थे. इसी साल सुचाण गांव में आठ भवन जले थे. वर्ष 2011 में घारा गांव में पांच मकान जलने के साथ 15 पशुओं की मौत हुई. वर्ष 2012 में पांव तल्ला गांव में सात भवनों में आग लगी. वर्ष 2013 में सुनकंडी में 22 और सटूड़ी में तीन भवन जलकर राख हुए. वर्ष 2014 में जखोल में 16 भवन और 13 कोठार आग की भेंट चढ़ गए.
वर्ष 2016 में रैक्चा गांव में नौ भवन, 2017 में सेवा गांव में चार और 2018 में सावणी गांव में 29 भवन जलकर राख हुए. इस घटना में करीब 100 मवेशी जिंदा जल गए थे. वर्ष 2020 में मसरी गांव में 28 भवन, 2022 में गंगाड़ में दो और वर्ष 2024 में सालरा गांव में 14 भवन आग की चपेट में आए. इसी साल ढाटमीर में भी तीन भवन जले. वर्ष 2025 में सावणी गांव में नौ भवन और पांच अन्न के कोठार जल गए थे. इस घटना में एक महिला की मौत हुई थी और चार मवेशी भी आग की भेंट चढ़े थे.
हर अग्निकांड के बाद उठते हैं सुरक्षा के सवाल
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद मोरी के दूरस्थ गांवों में आग से बचाव की चुनौती बनी हुई है. संकरी गलियां, एक-दूसरे से सटे लकड़ी के मकान और अग्निशमन संसाधनों की सीमित उपलब्धता आग पर काबू पाने में मुश्किल पैदा करती है. पवाणी की घटना ने एक बार फिर इस चुनौती को सामने ला दिया है. जरूरत है कि गांवों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, पानी के स्रोत, जागरूकता अभियान और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार का आशियाना इस तरह आग की भेंट न चढ़े.

