Sunday, February 8, 2026
HomeNewsगंगोलीहाट में फर्जी सिम कार्ड बिक्री के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गंगोलीहाट में फर्जी सिम कार्ड बिक्री के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गंगोलीहाट: गंगोलीहाट पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर फर्जी सिम कार्ड बिक्री के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगोलीहाट कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम हॉटलेख में एक मकान पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में फर्जी सिम कार्डों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त राजेंद्र प्रसाद, पुत्र शंकर राम, मूल रूप से थल का निवासी है और वर्तमान में हॉटलेख, गंगोलीहाट में किराए के मकान में रह रहा था। वह भोले-भाले ग्रामीणों को धोखे से एक सिम के बदले कई सिम कार्ड एक्टिवेट करवाकर अपने पास रख लेता था और बाद में उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस का कहना है कि इन फर्जी सिम कार्डों का उपयोग साइबर ठगों द्वारा अपराधों में किया जा सकता था।

पुलिस ने अभियुक्त के पास से 282 एक्टिवेटेड सिम कार्ड, 109 शील्ड सिम, 15 खाली सिम स्लॉट, 4 मोबाइल फोन और 8 विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड बरामद किए। अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4), 61(2), 3(5) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

बेरीनाग में भी हुई थी कार्रवाई इससे पहले, तीन माह पूर्व बेरीनाग थाना साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमायूं परिक्षेत्र रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने भारत सरकार के संचार मंत्रालय की सूचना के आधार पर बेरीनाग के नया बाजार में RK इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मोबाइल सेंटर पर छापेमारी की थी। इस दौरान दुकान स्वामी रघुवीर सिंह कार्की के पास से 748 चालू सिम कार्ड (VI कंपनी), 2 की-पैड मोबाइल फोन (LAVA), 2 स्मार्टफोन (OPPO), 12 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किया गया था। रघुवीर सिंह के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2), 3(5) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धारा 42 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला गौरतलब है कि रघुवीर सिंह के खिलाफ वर्ष 2024 में भी फर्जी सिम कार्ड बिक्री के लिए थाना बेरीनाग में धारा 420/120बी IPC के तहत मामला दर्ज हो चुका है। वह स्थानीय लोगों की अज्ञानता का फायदा उठाकर उनके नाम पर सिम कार्ड एक्टिवेट करता था और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था, जिससे साइबर अपराधों को बढ़ावा मिलने की आशंका थी।

सीमांत क्षेत्र में बढ़ रही फर्जी सिम की समस्या पिथौरागढ़ जिले में नेपाल से आने वाले मजदूर अक्सर महंगे दामों पर सिम कार्ड खरीदते हैं। पिछले दो वर्षों में जिले में फर्जी सिम बिक्री के तीन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

पुलिस की अपील पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सिम कार्ड खरीदते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

RELATED ARTICLES