NTI: लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग और कंडी मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब जल्द पूरी होने की उम्मीद जगी है। गढ़वाल के लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र शुरू करने का आश्वासन दिया है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में कोटद्वार के एक शिष्टमंडल ने सांसद बलूनी से मुलाकात कर लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण और सिगड्डी स्रोत नदी व मैली स्रोत नाले पर पुल निर्माण के लिए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सांसद ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।सांसद बलूनी ने कहा कि उनका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एकमात्र लक्ष्य है कि यह दशक उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास का दशक हो। उन्होंने कोटद्वार में पासपोर्ट कार्यालय और यमकेश्वर विकास खंड के लिए सिंगटाली पुल निर्माण में अपनी प्रतिबद्धता के लिए शिष्टमंडल के आभार को भी स्वीकार किया।
शिष्टमंडल ने अपने ज्ञापन में बताया कि 1965 से अस्तित्व में रहे इस मोटर मार्ग का ऐतिहासिक महत्व है। यह मार्ग पहले ढाकर पैदल मार्ग के रूप में लालढांग, चौकी घाटा, खोहद्वार और दुगड्डा जैसे व्यापारिक केंद्रों को जोड़ता था, जो समूचे गढ़वाल को एक सूत्र में पिरोता था। हालांकि, राज्य निर्माण के बाद यह मार्ग उपेक्षा का शिकार हुआ और अब बंद होने की कगार पर है। इसका प्रमुख कारण सिगड्डी स्रोत नदी और मैली स्रोत नाले पर अधूरे पुल हैं।सांसद बलूनी ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि लालढांग क्षेत्र के नयागांव, मोल्हापुरी, रसूलपुर, रसूलपुर गोठ, चमरिया गांव के बोक्सा जनजाति और अन्य लोगों को अपनी जरूरतों के लिए 11 से 20 किमी पैदल चलना पड़ता है। इस समस्या का समाधान शीघ्र करने के लिए कोर्ट में मामला निस्तारित करने की पहल हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मार्ग जल्द बनकर तैयार होगा।
शिष्टमंडल ने बताया कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मार्ग लालढांग से चिल्लर-सिगड्डी के वन्य क्षेत्र को वाइल्ड लाइफ और साहसिक पर्यटन से जोड़ेगा। साथ ही, पर्यटक सुलताना भांडू, कण्व आश्रम, महाब गढ़ क्षेत्र और मालिनी नदी घाटी की सभ्यता का आनंद ले सकेंगे।शिष्टमंडल ने सांसद से अनुरोध किया कि मात्र 8 किमी लंबे इस मार्ग का डामरीकरण और सिगड्डी स्रोत व मैली स्रोत पर पुलों का निर्माण करवाकर भाबर-कोटद्वार क्षेत्र की जनता को लाभान्वित किया जाए।
इस मुलाकात में वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल, सनातन महापरिषद भारत के दिल्ली अध्यक्ष सोम प्रकाश गौड़, विमला कुंदन सेवाग्राम ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी गिरिराज सिंह रावत, विकास देवरानी, चन्द्रमोहन कुकरेती और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती प्रणिता कंडवाल सहित अन्य शामिल थे। यह पहल न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

