Saturday, March 21, 2026
HomeNewsहल्द्वानी को 72 करोड़ के AI ट्रैफिक सिस्टम की प्रतीक्षा

हल्द्वानी को 72 करोड़ के AI ट्रैफिक सिस्टम की प्रतीक्षा

हल्द्वानी: महानगरों की तर्ज पर हल्द्वानी को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 72 करोड़ रुपये की लागत से एआई आधारित इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाया जाना है। टेंडर प्रक्रिया में शासन से तकनीकी बिड की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन फाइनेंशियल बिड की मंजूरी न मिलने से शहर की सड़कों पर रोजाना जाम की समस्या बनी हुई है। इससे कुमाऊं के प्रवेश द्वार में पर्यटकों से लेकर स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी हो रही है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की ओर से वित्त पोषित इस परियोजना से हल्द्वानी में ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार की उम्मीद है।

सरकार का दावा है कि आईटीएमएस के लगने से शहर में ट्रैफिक काफी हद तक नियंत्रित हो सकेगा। वर्तमान में हल्द्वानी के 13 चौराहों और तिराहों पर 1.20 करोड़ रुपये की लागत से लगी ट्रैफिक लाइटें बेकार पड़ी हैं। आईटीएमएस स्थापित होने पर इन लाइटों को भी चालू कर दिया जाएगा। इसमें एडेप्टिव कंट्रोल सिस्टम से ट्रैफिक सिग्नल स्वतः ट्रैफिक घनत्व के अनुसार नियंत्रित होंगे। रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन कैमरे से सिग्नल तोड़ने वाले वाहनों की पहचान होगी, एएनपीआर कैमरे से नियम तोड़ने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर ई-चालान जारी किए जाएंगे। स्पीड डिटेक्शन रडार से ओवर स्पीडिंग वाहनों को पकड़ा जाएगा, जबकि वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड से ट्रैफिक, मौसम और सड़क स्थिति की रीयल-टाइम जानकारी मिलेगी। शहर भर में 225 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम से यात्रियों को परिवहन संबंधी सूचनाएं समय पर मिलेंगी। इन सबकी निगरानी के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

आईटीएमएस में लगने वाले प्रमुख डिवाइस और उनकी संख्या इस प्रकार हैं:

डिवाइस संख्या
रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन कैमरा 91
एएनपीआर कैमरा 91
रडार सिस्टम फॉर स्पीड डिटेक्शन 10
पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम (आईपी स्पीकर) 52
वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड 50
इमरजेंसी पैनिक बटन 25
पैदल यात्री बटन 174
काउंटडाउन टाइमर 174
मौसम पूर्वानुमान बोर्ड 03
पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (बस स्टॉप) 50
पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (बस) 50

ट्रैफिक लाइटें इन स्थानों पर लगेंगी: बरेली रोड पर हल्द्वानी बाईपास, तीनपानी, मंडी गेट व बाईपास, गांधी स्कूल, मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, कालूसिद्ध मंदिर, स्टेडियम रोड, कोतवाली तिराहा, बरसाती नाला जंक्शन, तिकोनिया, हाइडिल गेट, कालटैक्स, नरीमन चौराहा; कालाढूंगी रोड पर अर्बन बैंक जंक्शन, जेल रोड चौराहा, नवाबी रोड, मुखानी, पीलीकोठी तिराहा, लालडांठ, सेंट्रल अस्पताल के पास, कुसुमखेड़ा, ऊंचापुल आदि।

एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र ने कहा, “हल्द्वानी सिटी में जल्द ही आईटीएमएस शुरू हो जाएगा। इससे एआई आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट शुरू होगा, जिससे अव्यवस्थित ट्रैफिक नियंत्रित हो सकेगा। महानगरों की तरह यहां भी ट्रैफिक नियंत्रित होगा।” यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया, “आईटीएमएस की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। तकनीकी बिड खुल चुकी है, अब फाइनेंशियल बिड की स्वीकृति का इंतजार है। टेंडर पूरा होने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।”

RELATED ARTICLES