Wednesday, March 25, 2026
HomeNewsपर्यावरणविद् जगत सिंह चौधरी को मिलेगा राष्ट्रीय भारत गौरव पुरस्कार

पर्यावरणविद् जगत सिंह चौधरी को मिलेगा राष्ट्रीय भारत गौरव पुरस्कार

रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि के कोट-मल्ला निवासी और प्रख्यात पर्यावरणविद् जगत सिंह चौधरी को 5 फरवरी को कर्नाटक में राष्ट्रीय भारत गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार राष्ट्रीय भारत विकास संगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए दिया जा रहा है।

संस्थान का उद्देश्य देश निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को पहचान दिलाना है। उत्तराखंड से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।

कर्नाटक में आयोजित होगा भारतीय संस्कृति उत्सव

दक्षिण भारत के कर्नाटक में 26 जनवरी से 6 फरवरी तक भारतीय संस्कृति उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान, देशभर से 24 लाख लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण में अद्वितीय योगदान

जगत सिंह चौधरी पिछले पांच दशकों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने एक लाख वृक्षों का मिश्रित वन मॉडल तैयार किया है, जिससे वानिकी में एक नई दिशा मिली है। उन्होंने देशभर के 50 हजार छात्रों को “पर्यावरण की पाठशाला” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान दिया है। इसके साथ ही चाल-खाल और पारंपरिक जल संरक्षण पद्धतियों के जरिए जल संरक्षण के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं। चौधरी ने बंजर भूमि पर 5 लाख से अधिक वृक्ष लगाए हैं और स्थानीय ग्रामीणों को अपने मिश्रित वन से जोड़कर उनकी आर्थिकी सुधारने में मदद की है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित

जगत सिंह चौधरी को अब तक 36 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें राष्ट्रीय इंदिरा गांधी वृक्षमित्र पुरस्कार, एशिया प्राइड अवॉर्ड, आर्यभट्ट अवॉर्ड, ग्रीन एंबेसडर ऑफ इंडिया, उत्तराखंड गौरव और पर्यावरण श्री शामिल हैं।

जगत सिंह चौधरी ने भारत विकास संगम संस्थान का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह संस्थान छिपी हुई प्रतिभाओं को देश और दुनिया के सामने लाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण बेहद आवश्यक है क्योंकि यह आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुनिश्चित करेगा।

RELATED ARTICLES