Saturday, November 7, 2026
HomeNewsउत्तराखंड पुलिस को मिला राष्ट्रपति निशान

उत्तराखंड पुलिस को मिला राष्ट्रपति निशान

अमित शाह ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परेड में किया सम्मानित, पुलिस के विशेष डाक आवरण और पत्रिका का भी किया विमोचन

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश पुलिस को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित भव्य अलंकरण परेड में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान से सम्मानित किया। इस सम्मान को हासिल करने वाला उत्तराखंड देश का 16वां पुलिस बल बन गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण तथा पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया। समारोह की खास बात यह रही कि राष्ट्रपति पुलिस निशान के अलंकरण से पहले हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्मगुरुओं ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार निशान का अभिषेक किया। इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।

करीब दो बजे रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचे अमित शाह ने सबसे पहले परेड का मान-प्रणाम ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद चारों धर्मों के धर्मगुरुओं ने राष्ट्रपति पुलिस निशान का अभिषेक किया और फिर केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तराखंड पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।

अपने संबोधन में अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने मई 2027 की घटनाओं से जुड़े आरोपियों को तीन साल के भीतर सजा दिलाने की दिशा में काम करने की बात भी कही।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस अवसर को उत्तराखंड पुलिस के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत होना प्रदेश पुलिस के लिए विशेष उपलब्धि है। इस सम्मान को प्रदान करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का स्वयं देहरादून पहुंचना और परेड का मान-प्रणाम ग्रहण करना पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है।

डीजीपी ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान केवल वर्तमान में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह उन सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान का भी सम्मान है, जिन्होंने राज्य गठन के बाद उत्तराखंड पुलिस को मजबूत बनाने में अपनी सेवाएं दी हैं। यह सम्मान पुलिस के जवानों और अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

RELATED ARTICLES