इबोला वायरस संक्रमण को लेकर उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की निगरानी और संदिग्ध मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप निगरानी, जांच और संक्रमण नियंत्रण पर जोर दिया है। संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए एम्स ऋषिकेश को समर्पित आइसोलेशन अस्पताल नामित किया गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के 17 नवंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, इबोला के मौजूदा प्रकोप में सबसे अधिक मामले कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में सामने आए हैं। केन्या, युगांडा और नाइजीरिया में भी मामले दर्ज किए गए हैं। फ्रांस में भी कांगो से जुड़ा एक आयातित मामला सामने आया था। हालांकि, इन सभी देशों में संक्रमण का स्तर और स्थिति अलग-अलग है।
21 दिन तक निगरानी
स्वास्थ्य विभाग की तैयारी के तहत प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की पहचान कर उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जाएगी। ऐसे यात्रियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था की गई है। निगरानी अवधि 21 दिन निर्धारित की गई है। किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर उसे चिकित्सकीय जांच और निगरानी में रखा जाएगा।
अस्पतालों को अलग आइसोलेशन वार्ड, समर्पित एंबुलेंस, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी चिकित्सा उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए पीपीई किट, एन-95 मास्क और अन्य सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया है। जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय रखने के साथ विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समन्वय की व्यवस्था की गई है।
ये हैं इबोला के प्रमुख लक्षण
इबोला वायरस के संपर्क में आने के बाद लक्षण दिखाई देने में सामान्यतः 2 से 21 दिन लग सकते हैं। शुरुआती लक्षणों में अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, गले में खराश, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान और कमजोरी शामिल हैं। संक्रमण बढ़ने पर उल्टी, दस्त, पेट दर्द और त्वचा पर चकत्ते हो सकते हैं। गंभीर मामलों में आंतरिक या बाहरी रक्तस्राव और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
केवल लक्षणों के आधार पर इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए निर्धारित प्रयोगशाला जांच जरूरी होती है।
संपर्क से फैलता है संक्रमण
इबोला संक्रमित व्यक्ति के रक्त और शरीर के अन्य तरल पदार्थों के सीधे संपर्क से फैल सकता है। संक्रमित व्यक्ति के दूषित कपड़े, बिस्तर और दूसरी वस्तुओं के संपर्क से भी संक्रमण का खतरा रहता है। इसके अलावा संक्रमित वन्यजीवों, विशेषकर चमगादड़ों और बंदरों के संपर्क से भी संक्रमण फैल सकता है।
बचाव के लिए संदिग्ध या संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क से बचना चाहिए। हाथों की नियमित सफाई करें और बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के किसी संदिग्ध मरीज की देखभाल न करें। प्रभावित क्षेत्रों में बीमार या मृत वन्यजीवों को छूने से बचें। यदि किसी व्यक्ति का संक्रमित मरीज से संपर्क हुआ है तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें और चिकित्सकीय निगरानी में रहें।
डीजी हेल्थ ने क्या कहा?
डीजी हेल्थ सुनीता टम्टा के अनुसार, केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप राज्य में निगरानी और अस्पतालों की तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। संदिग्ध मरीजों के प्रबंधन और अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी के साथ किसी संदिग्ध स्थिति में तत्काल जांच और उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
डॉक्टरों ने दी सतर्क रहने की सलाह
दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विवेकानंद सत्यावली के अनुसार, प्रभावित देशों से लौटने वाले किसी व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर उसकी स्क्रीनिंग और चिकित्सकीय जांच जरूरी है। ऐसे व्यक्ति को संक्रमण की आशंका के आधार पर अलग रखकर चिकित्सकीय निगरानी में लिया जा सकता है।
वहीं, चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बच्चे भी इबोला संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बच्चों में भी संक्रमण का खतरा रहता है। इसलिए परिवार के किसी सदस्य में संक्रमण की आशंका होने पर बच्चों को भी सुरक्षित रखना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग का जोर संभावित मामलों की समय पर पहचान, जांच और संक्रमण को फैलने से रोकने पर है। हालांकि, किसी व्यक्ति में लक्षण दिखाई देना संक्रमण की पुष्टि नहीं है। इसलिए घबराने के बजाय सावधानी और निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।