Saturday, November 28, 2026
HomeNewsआवासीय अग्निकांड भी अब आपदा

आवासीय अग्निकांड भी अब आपदा

सीएम धामी की घोषणा, प्रभावितों को एसडीआरएफ मानकों के अनुसार मिलेगी राहत राशि

देहरादून। उत्तराखंड में अब आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस कार्यक्रम के दौरान यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए तीन अन्य घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक प्रभावी बनाना जरूरी है। इसके लिए पूर्व तैयारियों, जनजागरूकता और त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

चार महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने की घोषणा की। प्रशिक्षित कार्मिक आम लोगों को आपदाओं से बचाव और राहत के उपायों के प्रति जागरूक करेंगे। शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष पहल की जाएगी। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को आपदा से बचाव के तरीकों की जानकारी देंगे। इसके अलावा आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को आपदा मानते हुए प्रभावितों को एसडीआरएफ के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। वहीं, आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

सिलक्यारा बचाव अभियान की याद में आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन 25 से 28 नवंबर तक चल रहे आपदा प्रबंधन दिवस के तहत किया गया। इसका उद्देश्य 28 नवंबर 2023 को सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान की स्मृति को जीवंत रखने के साथ आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान चलाया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद से विभिन्न विकल्पों पर एक साथ काम किया गया। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

भूकंप से बचाव के लिए मॉक ड्रिल पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में उत्तराखंड ने कई आपदाओं का सामना किया है। ऐसे समय में शासन-प्रशासन और केंद्र एवं राज्य सरकार की एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय से राहत एवं बचाव कार्यों को गति मिली है। आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावितों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, इसलिए भूकंप से बचाव और सुरक्षित निकासी के लिए भी नियमित मॉक ड्रिल आयोजित की जानी चाहिए।
RELATED ARTICLES