लखनऊ पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि पालमपुर हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय प्रस्ताव में भाजपा ने कहा था कि सरकार आई, तो संसद में कानून बनाकर मंदिर बनाएंगे। चार साल हो गए अभी तक कोई कानून नहीं बना, जनता के साथ भाजपा ने विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को विदेश घूमने से फुर्सत नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद से कानून नहीं बना, तो हिन्दू खुद अयोध्या में राम मन्दिर बनाएंगे। प्रवीण तोगड़िया ने अक्टूबर में अयोध्या कूच की बात कही। उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री को डाक के जरिए प्रस्तावित कानून भेजेंगे। संसद में कानून बनाकर काशी विश्वनाथ मंदिर, मथुरा में श्री कृष्ण जन्म भूमी और अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीनों हिन्दुओं को सौंपे जाएं।
उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता दस करोड़ लोगों तक जाएंगे। अक्टूबर के आखिर तक 20 करोड़ लोगों तक पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और अक्टूबर के बाद अगर हमारी मांग नहीं मानी गई, तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अक्टूबर तक अगर सरकार ने राम मंदिर का टाइम टेबल नहीं दिया, तो लखनऊ से आंदोलन शुरू होगा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ मेरे पूजनीय हैं। उनके गुरु मेरे भी गुरु हैं।