जालंधर। जिले में कर्प्यू और देश भर में लॉकडाउन के बीच शहर के लोगों को एक शानदार नजारा देखने को मिला। पिछले कई दिन से चल रहे कर्फ्यू के कारण जहां लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं प्रकृति और पर्यावरण को बहुत फायदा पहुंचा। वायु प्रदूषण न फैलने से शहर का वातावरण बिल्कुल साफ हो गया है। ऐसे में शहर के बाहरी इलाकों से हिमाचल प्रदेश के पहाड़ दिखने लगे हैं।
शुक्रवार सुबह जब गदईपुर के बाहरी हिस्से से ये सभी पहाड़ साफ दिखे। क्षेत्र के लोग घरों की छत पर चढ़ कर पहाड़ देखने जुट गए। विशेषज्ञों के मुताबिक 30 वर्ष बाद हवा इतनी साफ हुई है कि 200 किमी. दूर ये पहाड़ जालंधर के लोगों को दिखाई दिए हैं।
दोआबा कॉलेज में भूगोलशास्त्र के विभाग प्रमुख प्रो. दलजीत सिंह ने बताया कि जालंधर से देखते वक्त जो बाईं ओर के जो पहाड़ हैं वह पीरपंजाल हैं। दाईं ओर धौलाधार शृंखला है। डलहौजी के ऊपर वाले बर्फीले पर्वत। बचपन में यह नजारा देखा हो तो पता नहीं लेकिन सुना बेशक है।
लोगों ने मोबाइल में कैद किया नजारा, दूरबीन लेकर भी पहुंचे
शहर के बाकी हिस्से में भी लोग छतों पर आकर इस नजारे को देख रहे हैं। कोई दूरबीन लेकर नजारे को निहार रहा था तो कोई इसे अपने कैमरे में कैद करने में जुटा था। बच्चे हों या बड़े हर किसी का उत्साह देखते ही बन रहा है। शहरवासी प्रकृति की खूबसूरती निहार कर हैरान है। प्रदूषण के कारण लोगों को कभी पता नहीं चला कि शहर से हिमाचल के पहाड़ देखे जा सकते हैं।